विक्रमादित्य सिंह ने दिखाई हरी झंडी, शेष 12 बसें जल्द सुन्नी से होंगी रवाना
रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला।
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के लोगों को सार्वजनिक परिवहन की सुविधा में बड़ी राहत मिली है। लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने गुरुवार को शिमला के पुराने बस अड्डे से 18 नई इलेक्ट्रिक बसों को विभिन्न ग्रामीण रूटों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी के बेड़े में शामिल की गई 300 नई इलेक्ट्रिक बसों में से शिमला ग्रामीण को 30 बसें उपलब्ध करवाई हैं। इनमें से 18 बसें आज विभिन्न रूटों पर शुरू की गई हैं, जबकि शेष 12 बसें जल्द ही सुन्नी से अलग-अलग रूटों पर चलाई जाएंगी।

रोज शहर आने-जाने वालों को मिलेगी राहत
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि शिमला ग्रामीण का अधिकांश क्षेत्र शिमला शहर से सटा हुआ है। यहां बड़ी संख्या में सरकारी कर्मचारी, किसान और बागवान रोजाना शहर आते-जाते हैं। लंबे समय से ग्रामीण क्षेत्रों में बस सेवाएं बढ़ाने की मांग की जा रही थी। उन्होंने कहा कि परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से चर्चा कर नए रूट बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि एक बार पूरी तरह चार्ज होने के बाद इलेक्ट्रिक बसें करीब 150 किलोमीटर तक चल सकती हैं। इसलिए इन्हें फिलहाल छोटे और उपयुक्त रूटों पर लगाया जाएगा। बुजुर्गों और ग्रामीणों की सुविधा के लिए एचआरटीसी की छोटी टैक्सियां तथा निजी बसों के रूट बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

650 करोड़ के विकास कार्यों का दावा
मंत्री ने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में करीब 650 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। इनमें अधिकांश कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि कई परियोजनाओं पर काम जारी है। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान सड़कों को खुला रखने के लिए लोक निर्माण विभाग की मशीनरी तैनात है और जरूरत के अनुसार निजी मशीनरी भी किराये पर ली गई है।
उन्होंने कहा कि तारकोल के रेट बढ़ने के कारण टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कुछ सड़कों की मेटलिंग और टायरिंग प्रभावित हुई है। मानसून समाप्त होते ही सड़कों की मरम्मत और पक्कीकरण का काम तेज किया जाएगा।

केंद्र से सड़कों के लिए 240 करोड़
विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से हुई बैठक के बाद छैला-यशवंत नगर-नेरीपुल सड़क के अपग्रेडेशन के लिए 203 करोड़ रुपये तथा रामपुर के टिक्कर-खमाड़ी सड़क के शेष हिस्से के लिए 36 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। इन परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू किया जाये होंगे प्रमुख बस रूट
नई बस सेवाओं में शिमला-धामी वाया गवाही-कोहबाग, शिमला-बरेठी, शिमला-खटनोल, शिमला-खटनोल वाया सुन्नी, खटनोल-शिमला वाया सुन्नी, शिमला-चेवग, शिमला-हरिदेवी-सेरी, शिमला-धरोगड़ा, शिमला-चनावग वाया पनोह, शिमला-गवाही, शिमला-डुमेहर, शिमला-जालोग, शिमला-चनावग, शिमला-पनेहड़ा, शिमला-चेबड़ी, शिमला-अणु, शिमला-नलावन और शिमला-मलावन शामिल हैं। इन बसों के संचालन से शिमला ग्रामीण के दर्जनों गांवों को शहर से बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।