रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर जिले के नादौन क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रैल के विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई, करियर और शिक्षा में हो रहे बदलावों पर फीडबैक लिया। विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से स्वच्छता, पेपर लीक, परिवहन और स्कूल सुविधाओं से जुड़े सवाल किए।
एक छात्रा ने स्वच्छता को छोटा काम समझने की मानसिकता पर सवाल उठाते हुए हिमाचल को और स्वच्छ व हरा-भरा बनाने की आवश्यकता जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता को जन आंदोलन बनाना होगा और घर के साथ आसपास के क्षेत्र को साफ रखना भी सभी की जिम्मेदारी है।
विद्यार्थियों ने सीबीएसई पाठ्यक्रम को रुचिपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं और वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयारी में मदद मिलेगी। एक छात्र ने नीट पेपर लीक का मुद्दा उठाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पेपर लीक युवाओं के साथ धोखा है। उन्होंने बताया कि हिमाचल में प्रश्नपत्र लीक मामलों में जांच के बाद कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर को भंग किया गया और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। अब राज्य चयन आयोग में मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
विद्यार्थियों ने रंगस से स्कूल के लिए बस सुविधा की मांग रखी, जबकि प्राथमिक स्कूल के छात्र ने टूटी सीढ़ियों की समस्या बताई। मुख्यमंत्री ने बस सुविधा के लिए आवश्यक इंतजाम करने तथा सीढ़ियों की जल्द मरम्मत के अधिकारियों को निर्देश दिए।
