मुख्यमंत्री सुक्खू ने विजेताओं प्रतिभागियों को दी बधाई, कहा- खेलों से मजबूत होती है टीम भावना

रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला

हिमाचल प्रदेश वन विभाग की 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता में हमीरपुर वन सर्कल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। रामपुर में 11 से 13 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से एक हजार से अधिक वन विभाग के खिलाड़ियों ने विभिन्न खेलों में हिस्सा लिया। रामपुर वन सर्कल प्रतियोगिता में दूसरे स्थान पर रहा।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्रतियोगिता के विजेताओं, प्रतिभागियों और आयोजकों को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के समर्पण, कड़ी मेहनत, अनुशासन और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वस्थता और मानसिक संतुलन बनाए रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से टीम एकता, नेतृत्व क्षमता, दृढ़ संकल्प और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा जैसे गुण भी विकसित होते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाला प्रत्येक कर्मचारी अपने समर्पण और खेल भावना के लिए बधाई का पात्र है। इस तरह के आयोजन विभागीय कर्मचारियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी भाईचारे और टीम भावना को मजबूत करने का अवसर देते हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल की समृद्ध वन संपदा की रक्षा और संरक्षण तथा पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में वन विभाग की अहम भूमिका है। वन एवं जैव विविधता संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के स्थायी प्रबंधन में विभागीय कर्मचारियों का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण है। कर्मचारियों के लिए आयोजित खेल गतिविधियां उन्हें शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ विभाग में एकता और भाईचारे की भावना को भी मजबूत करती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने तथा कर्मचारियों और युवाओं में स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने से शारीरिक फिटनेस बेहतर होती है, तनाव कम होता है और कार्यक्षमता में भी सुधार आता है।

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *