ढली में 6.5 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़े दो युवकों से पूछताछ में खुला राज, फाजिल्का से मोहाली और फिर शिमला तक पहुंच रही थी नशे की खेप
रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला।

नशे के खिलाफ शिमला पुलिस के अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है। ढली पुलिस ने 6.5 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) के साथ पकड़े गए दो युवकों से पूछताछ के बाद मामले के बैकवर्ड लिंकेज खंगालते हुए पंजाब के फाजिल्का से मुख्य सप्लायर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब से हेरोइन हासिल कर इसकी सप्लाई आगे कर रहा था। पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां जोड़ते हुए 24 वर्षीय अजय कुमार को पंजाब के फाजिल्का जिले से गिरफ्तार किया है।

एएसपी शिमला मेहर पंवर ने बताया कि 28 अगस्त को पुलिस थाना ढली की टीम भट्टाकुफर-ढली टनल मार्ग पर गश्त और अपराध रोकथाम ड्यूटी पर थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध कार को जांच के लिए रोका। कार में दो युवक सवार थे। चालक की सीट पर दुष्यंत वर्मा (25), निवासी सुन्नी, जिला शिमला, जबकि साथ वाली सीट पर अक्षय शर्मा (24), निवासी आनी, जिला कुल्लू, बैठा था। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को उनके कब्जे से 6.5 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने दोनों युवकों को गिरफ्तार कर थाना ढली में अभियोग संख्या 84/2026 के तहत धारा 21 और 29 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने केवल बरामदगी तक जांच सीमित न रखते हुए आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नशे की सप्लाई के पीछे जुड़े लोगों की तलाश शुरू की।
जांच में सामने आया कि दोनों युवकों को चिट्टा उपलब्ध करवाने वाला मुख्य सप्लायर अजय कुमार है। पुलिस के अनुसार अजय ने फाजिल्का क्षेत्र से हेरोइन हासिल की थी और बाद में मोहाली में अक्षय शर्मा को इसकी सप्लाई की थी। पुलिस को जांच के दौरान अजय और अक्षय के बीच 10,500 रुपये के वित्तीय लेन-देन तथा फोन कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) से भी अहम सुराग मिले।

इन साक्ष्यों के आधार पर ढली पुलिस की विशेष अन्वेषण टीम पंजाब रवाना हुई। टीम ने 14 सितंबर को गांव मोजेवाला, तहसील जलालाबाद, जिला फाजिल्का में दबिश देकर अजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ में नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *