रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को कोटखाई उपमंडल की गरावग पंचायत में 8.60 करोड़ रुपये की लागत से स्त्रोन्नत होने वाली बड़वी-गरावग संपर्क सड़क के उन्नयन कार्य का भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की महत्वपूर्ण लाइफलाइन है, जिससे बड़वी के साथ शाऊं, शोषण, पड़शोल, ग्रेई और गडवा गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। बागवानी बहुल ऊपरी शिमला में बेहतर सड़क नेटवर्क किसानों-बागवानों के लिए बेहद अहम है।
रोहित ठाकुर ने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 182 नई सड़कों का निर्माण हो चुका है और वर्ष के अंत तक यह आंकड़ा 200 तक पहुंच जाएगा। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय ठाकुर रामलाल को याद करते हुए गरावग से अपने भावनात्मक संबंध का भी उल्लेख किया।
उन्होंने बताया कि कोटखाई की सीमावर्ती कुड़ी-मोहली संपर्क सड़क 5.50 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कर जनता को समर्पित की जा चुकी है। इससे गरावग, चेवर, कुड़ी और मोहली के अलावा चौपाल तहसील के मडावग क्षेत्र के किसानों-बागवानों को भी लाभ मिल रहा है। 1.84 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला लोहट पुल भी शीघ्र जनता को समर्पित किया जाएगा।
मंत्री ने कहा कि करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित कोटखाई विकास भवन का निर्माण 15 वर्षों से लंबित था, जिसे वर्तमान सरकार ने प्राथमिकता से पूरा किया। प्रगतिनगर तकनीकी शिक्षा संस्थान के उन्नयन के लिए 110 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति मिली है। वहीं इंजीनियरिंग कॉलेज गुम्मा में 104 करोड़ रुपये से आधारभूत ढांचा मजबूत किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदर्श स्वास्थ्य संस्थान कोटखाई में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाओं के साथ 28 लाख रुपये की अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाई गई है, जिससे स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं।

