रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने बुधवार को 77वें वन महोत्सव के तहत खड़ापत्थर में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया और देवदार के पौधे रोपे। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती बन चुके हैं। बढ़ती आबादी, निजी स्वार्थ और असंतुलित विकास के कारण प्रकृति पर लगातार दबाव बढ़ रहा है, जिससे तापमान वृद्धि और मौसम में बदलाव जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं।
रोहित ठाकुर ने कहा कि वृक्षारोपण को केवल औपचारिक कार्यक्रम न बनाकर जन-अभियान का रूप देना होगा। आज लगाए गए देवदार के पौधे भविष्य में विशाल वृक्ष बनकर जल, छाया और स्वच्छ वायु उपलब्ध करवाएंगे। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण पर्यावरण संरक्षण के साथ सामाजिक और धार्मिक दायित्व भी है। वेद-पुराणों में भी वृक्षों को अत्यंत महत्वपूर्ण माना गया है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में व्यापक स्तर पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।
इस दौरान शिक्षा मंत्री ने विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में कांग्रेस मंडल अध्यक्ष जितेंद्र मेहता, जिला परिषद सदस्य मीनाक्षी मांजटा व नेहा मेहता, डीएफओ रोहड़ू, पंचायत प्रतिनिधि, युवा कांग्रेस पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

