रियल न्यूज इंडिया टूडे, शिमला

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि नावर क्षेत्र के विकास में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। सड़क, बागवानी, पर्यटन और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों के विकास को प्रदेश सरकार प्राथमिकता दे रही है। शिक्षा मंत्री ने नावर प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही।

उन्होंने कहा कि जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 50 से अधिक परियोजनाओं को लगभग 550 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली है। इनमें नावर क्षेत्र की 11 परियोजनाएं शामिल हैं, जिन पर करीब 100 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत नावर की सात सड़कों के निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण पर लगभग 60 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि तीन सड़कों के लिए नाबार्ड से करीब 25 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए हैं। कुठाड़ी पंचायत की खदराला सड़क के लिए भी 9.50 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

रोहित ठाकुर ने निर्माणाधीन शहीद नाथूराम टिक्कर-टूनाधार सड़क का निरीक्षण किया। करीब 9.66 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस सड़क को निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि सड़क बनने से क्षेत्रवासियों के आवागमन के साथ बागवानी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

उन्होंने कहा कि नावर में बागवानी को मजबूत करने के साथ पर्यटन की संभावनाओं को विकसित किया जाएगा। शिक्षा के क्षेत्र में सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि हिमाचल ने राष्ट्रीय उपलब्धि सर्वेक्षण में देश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। नावर क्षेत्र में चार वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स शुरू करने का निर्णय भी लिया गया है।

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की और परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *