सुंदरनगर (मंडी)। भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (TRAI) के क्षेत्रीय कार्यालय, दिल्ली ने ड्रीम्ज कॉलेज ऑफ फार्मेसी, सुंदरनगर में दूरसंचार एवं प्रसारण सेवाओं में उपभोक्ता अधिकारों, टैरिफ, बिलिंग और साइबर सुरक्षा विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों, उपभोक्ता संगठनों तथा दूरसंचार सेवा प्रदाताओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान साइबर हाइजीन, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित उपयोग पर विशेष जानकारी दी गई। प्रतिभागियों को TRAI DND (Do Not Disturb) और TRAI MySpeed ऐप की उपयोगिता तथा अनचाहे व्यावसायिक संदेशों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। कई प्रतिभागियों ने मौके पर ही DND ऐप डाउनलोड किया।
TRAI के संयुक्त सलाहकार राजेश त्रिपाठी, वरिष्ठ अनुसंधान अधिकारी सुशील कुमार बंसल और सुरेश के.वी. ने उपभोक्ता संरक्षण, टैरिफ, बिलिंग और शिकायत निवारण व्यवस्था पर विस्तार से जानकारी दी। वहीं भारती एयरटेल, बीएसएनएल और वोडाफोन आइडिया के प्रतिनिधियों ने भी उपभोक्ताओं के सवालों के जवाब दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को जागरूक, सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल उपभोक्ता बनाना रहा।