बोले- ‘यह वीरभद्र सिंह वाली कांग्रेस नहीं, सिर्फ सुक्खू की कांग्रेस’; सरकार पर विकास ठप होने का लगाया आरोप
रियल न्यूज इंडिया टुडे

जयसिंहपुर। नवनिर्वाचित पंचायती राज प्रतिनिधियों के सम्मान समारोह में धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने प्रदेश सरकार और जयसिंहपुर के विधायक एवं मंत्री यादविंदर गोमा पर निशाना साधा। उन्होंने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए जयसिंहपुर की जनता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। सुधीर शर्मा ने कहा कि 2022 में कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन में जयसिंहपुर आना उनके राजनीतिक जीवन की “बहुत बड़ी भूल” थी। उस चुनाव में जयसिंहपुर से भाजपा के रविंद्र कुमार धीमान और कांग्रेस के यादविंदर गोमा आमने-सामने थे।

सुधीर शर्मा ने कहा कि उस समय वह कांग्रेस प्रत्याशी के नामांकन में शामिल होने जयसिंहपुर पहुंचे थे, लेकिन अब उन्हें लगता है कि उनका वहां आना गलत निर्णय था। इसी बात को लेकर उन्होंने क्षेत्र की जनता से माफी मांगी।

प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यकाल में प्रदेश के विभिन्न वर्ग परेशान हैं। बेरोजगार युवाओं, कर्मचारियों, महिलाओं और किसानों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि आम लोगों को सरकार से अपेक्षित राहत नहीं मिल रही है। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि “सुख सिर्फ सचिवालय में बैठे लोगों को है”, जबकि आम आदमी के लिए सरकार तक पहुंचना मुश्किल हो गया है।

उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के नए भवन पर खर्च को लेकर भी सवाल उठाए। सुधीर शर्मा ने दावा किया कि मुख्यमंत्री कार्यालय के लिए 50 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जबकि केंद्रीय विश्वविद्यालय से जुड़े निर्माण कार्यों के लिए सरकार के पास धन नहीं है।

नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब बहुत कम समय बचा है और अगले एक साल में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं रखनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि चार वर्षों में क्षेत्र में विकास कार्य ठप रहे हैं और केवल “मित्रों का विकास” हुआ है। भाजपा की सरकार बनने पर विकास को प्राथमिकता देने का दावा भी उन्होंने किया।

‘यह वीरभद्र सिंह वाली कांग्रेस नहीं’

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सुधीर शर्मा ने कहा, “यह कांग्रेस, असली कांग्रेस भी नहीं है। न यह राजा वीरभद्र सिंह वाली कांग्रेस है, न स्वर्गीय पंडित संत राम वाली; यह तो सिर्फ सुक्खू की कांग्रेस है।” सुधीर शर्मा पूर्व में कांग्रेस में रहे हैं और बाद में भाजपा में शामिल हुए।

उन्होंने पूर्व विधायक रविंद्र धीमान को ईमानदार और कर्मठ नेता बताते हुए उनके प्रति समर्थन बनाए रखने की अपील की। साथ ही भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे कंवर दुर्गा चंद को याद करते हुए उनके साथ अपने बचपन के संस्मरण साझा किए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *