किसानों को मिलेगी बेहतर मंडी सुविधा, 10 पंचायतों में दूर होगी लो-वोल्टेज की समस्या; स्वास्थ्य, सड़क और परिवहन ढांचे को भी मिलेगी मजबूती
रियल न्यूज इंडिया टुडे, अर्की
अर्की को 34.46 करोड़ की सौगात, सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास

सीएम सुक्खू ने चार परियोजनाओं का किया उद्घाटन, तीन की रखी आधारशिला; 30 पंचायतों के किसानों और 10 पंचायतों को बिजली सुविधा का लाभ

शिमला, 19 सितंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को सोलन जिले के अर्की विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान 34.46 करोड़ रुपये की लागत वाली सात विकासात्मक परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने चार पूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया, जबकि तीन नई परियोजनाओं की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे और आवश्यक सार्वजनिक सेवाएं मजबूत होंगी तथा लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने 1.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवन सरयांज, 1.02 करोड़ रुपये से निर्मित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चंडी के खेल मैदान, 1.81 करोड़ रुपये की लागत से तैयार फल एवं सब्जी उपमंडी कुनिहार और 10.17 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित दाड़लाघाट आईएसबीटी बस स्टैंड का उद्घाटन किया।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने 10.39 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 33/11 केवी, 315 एमवीए जीआईएस विद्युत उपकेंद्र ग्याणा (मांगू), 7.09 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दानोघाट-साहजादा-नेरी प्लाटी संपर्क सड़क मार्ग तथा 2.38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित होने वाली सिनटीघाट से बानधार एंबुलेंस सड़क की आधारशिला रखी।

25 से 30 पंचायतों के किसानों को लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि कुनिहार फल एवं सब्जी उपमंडी से क्षेत्र की करीब 25 से 30 ग्राम पंचायतों के किसानों को लाभ मिलेगा। उपमंडी के माध्यम से किसानों को अपनी उपज के बेहतर विपणन के अवसर मिलेंगे और उन्हें फसलों के उचित एवं लाभकारी दाम प्राप्त करने में सहायता मिलेगी। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

10 पंचायतों में सुधरेगी बिजली आपूर्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्याणा (मांगू) में बनने वाले विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र में लंबे समय से चली आ रही कम वोल्टेज की समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। इससे 10 ग्राम पंचायतों के लोगों को विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति उपलब्ध करवाने में सहायता मिलेगी।

विधायक संजय अवस्थी ने मुख्यमंत्री का अर्की दौरे और विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के लोगों को सुविधाएं मिलेंगी और विकास कार्यों को गति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *