21 सदस्यीय नई कमेटी गठित, मानव अध्यक्ष और प्रियांश सचिव चुने गए

रियल न्यूज इंडिया टुडे,
रिकांग पिओ।

स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) रिकांग पिओ इकाई का 17वां इकाई सम्मेलन शुक्रवार को उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सम्मेलन में छात्र-छात्राओं ने भाग लेते हुए सार्वजनिक शिक्षा की रक्षा, छात्र अधिकारों के लिए संघर्ष और संगठन को मजबूत करने का संकल्प लिया।
सम्मेलन का उद्घाटन एसएफआई हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के पूर्व सचिव कॉमरेड अनिल ने किया। उन्होंने एसएफआई के संघर्षों और छात्र आंदोलन की विरासत पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के निजीकरण, व्यावसायीकरण और बढ़ती फीस के खिलाफ संगठित आंदोलन की आवश्यकता बताई। उन्होंने विद्यार्थियों से लोकतांत्रिक अधिकारों तथा समान, वैज्ञानिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की रक्षा के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पर्यवेक्षक के रूप में पहुंचे एसएफआई शिमला जिला अध्यक्ष विवेक नेहरा ने कार्यवाही का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और छात्र अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर छात्रों की व्यापक एकजुटता जरूरी है। उन्होंने संगठन को कॉलेज परिसर में और अधिक सक्रिय बनाने तथा विद्यार्थियों तक छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान संगठनात्मक रिपोर्ट के साथ राजनीतिक और शैक्षणिक प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा आगामी कार्यकाल की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ। इसके बाद 21 सदस्यीय नई इकाई कमेटी का सर्वसम्मति से गठन किया गया। मानव प्रकाश को इकाई अध्यक्ष और प्रियांश को इकाई सचिव चुना गया।
नवनिर्वाचित कमेटी ने छात्र हितों, गुणवत्तापूर्ण सार्वजनिक शिक्षा और परिसर की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखने तथा संगठन को अधिक व्यापक एवं मजबूत बनाने का संकल्प लिया। सम्मेलन का समापन छात्र एकता, लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता और सार्वजनिक शिक्षा की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *