रियल न्यूज इंडिया टुडे
शिमला। हिमाचल प्रदेश राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ का क्रमिक अनशन मंगलवार को 52वें दिन भी निदेशालय स्कूल शिक्षा, शिमला में जारी रहा। इस दौरान जिला सिरमौर के पीटीएफ ब्लॉक पौंटा साहिब के पदाधिकारियों ने शिक्षकों की न्यायोचित मांगों के समर्थन में अनशन में भाग लिया। इनमें ब्लॉक अध्यक्ष राजेश भारद्वाज, जिला कार्यकारी अध्यक्ष पूरण तोमर, महासचिव राम लाल हांडा, पूर्व अध्यक्ष चंद्रमणि शर्मा और महालेखाकार मोहन लाल शर्मा शामिल रहे।
संघ ने सरकार से मांगों को जल्द पूरा करने की अपील की। संघ ने कहा कि आंदोलन गांधीवादी तरीके से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक ढंग से जारी रहेगा। मांगें पूरी न होने पर 2 अक्टूबर को गांधी जयंती पर शिमला में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय उपवास और शाम को कैंडल मार्च निकाला जाएगा। इसके बाद शिक्षक काले बिल्ले लगाकर शिक्षण कार्य करेंगे।
संघ ने विधानसभा के शीतकालीन सत्र से पहले प्रदेश के 68 विधायकों को मांगपत्र सौंपने और सत्र के दौरान धर्मशाला में विशाल धरना-प्रदर्शन करने का भी निर्णय लिया है। आंदोलन की शुरुआत 11 जुलाई को पैदल न्याय यात्रा के बाद हुई थी, जबकि 26 जुलाई को चौड़ा मैदान में धरने के बाद क्रमिक अनशन शुरू किया गया था।

One Response

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *