शाम ढलते ही बदला मौसम का मिजाज, धुंध के बीच गुजरते लोगों का दिखा मनमोहक नजारा

रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला।

राजधानी शिमला में सोमवार शाम मौसम ने अचानक खूबसूरत रंग बदल दिया। शाम ढलते ही ऐतिहासिक रिज मैदान और इसके आसपास का क्षेत्र घनी धुंध की चादर में लिपट गया। देखते ही देखते रिज पर धुंध का ऐसा पहरा रहा कि यहां पहुंचने वाले लोगों को कुछ दूरी तक ही साफ दिखाई दे रहा था। धुंध के बीच रिज मैदान से गुजरते लोग और रोशनी से जगमगाते आसपास के क्षेत्र का नजारा बेहद आकर्षक नजर आया।
रिज पर घूमने पहुंचे पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने बदलते मौसम का जमकर आनंद लिया। धुंध के कारण रिज मैदान का माहौल कुछ देर के लिए रहस्यमय और शांत नजर आया। सफेद धुंध के बीच लोगों की आवाजाही और आसपास जलती रोशनी ने दृश्य को और खूबसूरत बना दिया। कई लोग इस नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए।
शिमला में शाम के समय धुंध छाने से तापमान में भी ठंडक महसूस हुई। रिज मैदान, मालरोड और आसपास के ऊंचाई वाले इलाकों में धुंध का असर अधिक दिखाई दिया। पहाड़ों की रानी शिमला में मौसम के इस बदले अंदाज ने शहर की खूबसूरती में एक और रंग जोड़ दिया। धुंध के बीच रिज से गुजरते लोगों का यह दृश्य देर शाम तक आकर्षण का केंद्र बना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *