रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने मंगलवार को जुब्बल उपमंडल के दूरदराज खनाशनी क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने 5 करोड़ 58 लाख रुपये की लागत से स्त्रोन्नत होने वाली क्वालटा संपर्क सड़क के कार्य का भूमि पूजन किया। इसी मार्ग पर 2 करोड़ 10 लाख रुपये से नवनिर्मित पुल का लोकार्पण भी किया गया। शिक्षा मंत्री ने कहा कि पुल का निर्माण तीन वर्ष से भी कम समय में पूरा होना बड़ी उपलब्धि है।
उन्होंने 6 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से धानसर संपर्क मार्ग के उन्नयन कार्य का भूमि पूजन किया। इसके अलावा ग्राम पंचायत झालटा के तहत हरोट संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य की आधारशिला रखी गई, जिस पर करीब 88 लाख रुपये खर्च होंगे।
रोहित ठाकुर ने धानसर में स्वर्गीय विजय सिंह ठाकुर एवं स्वर्गीय अनिल चौहान मेमोरियल वॉलीबॉल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और स्थानीय युवक मंडल को 50 हजार रुपये देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि खनाशनी क्षेत्र से उनका पारिवारिक और भावनात्मक संबंध है। पहाड़ी क्षेत्रों के विकास में सड़कों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सड़कें दूरदराज क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने के साथ सेब उत्पादकों को उनकी फसल समय पर मंडियों तक पहुंचाने में मदद करती हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 15 विभिन्न सड़कों की पासिंग हुई है।
मंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष भारी बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों को सेब सीजन से पहले युद्धस्तर पर बहाल किया गया। इस वर्ष भी विभागों को तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *