रियल न्यूज इंडिया टुडे, शिमला
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि प्रदेश की सभी पंचायतों को सशक्त और आधुनिक बनाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। आवश्यकतानुसार पुराने पंचायत भवनों के स्थान पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त नए भवन बनाए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को पंचायत से संबंधित सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध हो सकें।
अनिरुद्ध सिंह ने सोमवार को 1.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ग्राम पंचायत दैहना के नव निर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पंचायत क्षेत्र के लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों को नए भवन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंचायत घर ग्रामीण विकास की योजनाओं का प्रमुख केंद्र है, जहां क्षेत्र की विकास योजनाओं की रूपरेखा तैयार करने के साथ उन्हें धरातल पर उतारने का काम होता है।
मंत्री ने कहा कि सरकार पंचायतों के सुदृढ़ीकरण के साथ महिलाओं के सशक्तिकरण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि दैहना पंचायत को लोगों की मांग पर चियोग पंचायत से अलग कर गठित किया गया था। पंचायत की अपनी आय करीब 5 लाख रुपये है, जो विकास की दृष्टि से सकारात्मक संकेत है। उन्होंने बताया कि कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में पंचायत भवनों के निर्माण के लिए करीब 19 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। दैहना पंचायत में अतिरिक्त सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए भी बजट का प्रावधान किया जाएगा, जिससे पंचायत की आय बढ़ सके।
उन्होंने बताया कि फागू-चियोग-टियाली-धरेच संपर्क सड़क की अपग्रेडेशन पर 15 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। क्षेत्र की छह छोटी सड़कों के एफआरए मामले पूरे हो चुके हैं और जल्द निर्माण शुरू होगा। वहीं तीन बड़ी सड़कों को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाने की स्वीकृति मिल चुकी है। कठोड़ी खड्ड से उठाऊ पेयजल योजना का कार्य भी लगभग दो माह में पूरा होने की उम्मीद है।
ग्राम पंचायत प्रधान विद्या शर्मा ने पंचायत की समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया गया। मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिला मंडल सदस्यों को अपनी ऐच्छिक निधि से 11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, महिला एवं युवक मंडल के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

