180 मिनट में मिलेगी डिलीवरी
शिमला। इंडियन ऑयल ने घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए 10 किलोग्राम का नया हल्का कम्पोज़िट सिलेंडर ‘इंडेन एक्सट्रालाइट नाउ’ लॉन्च किया है। इसकी सबसे बड़ी विशेषता यह है कि दिन के समय बुकिंग करने पर वितरक के कार्यक्षेत्र में 180 मिनट के भीतर सिलेंडर की सुनिश्चित डिलीवरी मिलेगी। यह सुविधा शिमला के अलावा चंडीगढ़, ज़ीरकपुर, लुधियाना, जालंधर, अमृतसर और सुनाम में भी शुरू की गई है।
नया कम्पोज़िट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडर की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत तक हल्का है, जिससे इसे उठाना और ले जाना आसान होगा। इसकी जंग-रहित बॉडी, एलपीजी का स्तर दिखाने वाली पारदर्शी पट्टियां और उन्नत सुरक्षा सुविधाएं इसे अधिक सुविधाजनक बनाती हैं। नया कनेक्शन न्यूनतम दस्तावेज़ों के साथ उपलब्ध होगा तथा बुकिंग इंडियनऑयल वन ऐप और कंपनी की वेबसाइट के माध्यम से की जा सकेगी।
इंडियन ऑयल के अनुसार यह सेवा विशेष रूप से शहरी परिवारों, कामकाजी पेशेवरों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और छोटे परिवारों की जरूरतों को ध्यान में रखकर शुरू की गई है। लॉन्च समारोह ज़ीरकपुर स्थित मेसर्स मिल्खी इंडेन में आयोजित किया गया, जहां कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख आशुतोष गुप्ता ने योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह पहल ग्राहक सुविधा, सुरक्षा और तेज़ सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मुख्य महाप्रबंधक (एलपीजी) परमेश्वर ने कहा कि यह नई तकनीक उपभोक्ताओं को बेहतर अनुभव देने के साथ वितरकों के लिए भी नए व्यावसायिक अवसर उपलब्ध कराएगी। कार्यक्रम में पहले पांच ग्राहकों को नामांकित करने के साथ विशेष डिलीवरी वाहन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
