शिमला

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को शिमला जिले के कसुम्पटी विधानसभा क्षेत्र में लगभग 48 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। उन्होंने मशोबरा में नए खंड विकास कार्यालय भवन का उद्घाटन किया, जबकि भट्टाकुफर में लोक निर्माण विभाग मंडल कार्यालय, बलदेयां में उपमंडल कार्यालय, नए औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन तथा करीब 22 करोड़ रुपये की लागत वाली संपर्क सड़क की आधारशिला रखी।

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के संसाधनों और जनता के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने वाइल्ड फ्लावर हॉल मामले में महत्वपूर्ण कानूनी जीत हासिल की है तथा जेएसडब्ल्यू परियोजना में हिमाचल के हितों से समझौता किए बिना 18 प्रतिशत निशुल्क बिजली हिस्सेदारी सुनिश्चित की है। उन्होंने कहा कि किशाऊ परियोजना से राज्य को प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वेक्षण के माध्यम से 1.75 लाख अति निर्धन परिवारों की पहचान की गई है, जिनके लिए जल्द ही ‘अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू की जाएगी। साथ ही लगभग 10 लाख पात्र परिवारों को स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने के लिए नई योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार तथा सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को जब्त कर गरीबों के हित में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने जिला परिषद कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर उचित समाधान निकाला जाएगा। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ग्रामीण ठोस कचरा प्रबंधन योजना के पहले चरण में 137 वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *